हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को रुड़की के मतलबपुर स्थित मां भगवती फूड्स पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लेबल की सॉस बनाने के खेल का पर्दाफाश कर दिया। छापेमारी के दौरान 351 बिना लेबल वाली वेजिटेबल सॉस की बोतलें मौके पर सीज कर दी गईं, जबकि लगभग 8 क्विंटल सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत ₹32 हजार बताई गई, को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार की टीम ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि सॉस की बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि, निर्माता का नाम-पता, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और सामग्री की सूची जैसी जरूरी जानकारी तक दर्ज नहीं थी। इतना ही नहीं, फैक्ट्री के भीतर सॉस का निर्माण बेहद गंदगी और अस्वास्थ्यकर माहौल में किया जा रहा था। मशीनों पर जमी मैल, गंदी दीवारें और फर्श देखकर टीम भी हैरान रह गई। मौके से सॉस के दो नमूने लेकर जांच के लिए रुद्रपुर प्रयोगशाला भेजे गए।निरीक्षण के दौरान संचालक पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र और पैकिंग में इस्तेमाल हो रही प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत नहीं कर सका। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए फैक्ट्री में सॉस व अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है तथा नोटिस फैक्ट्री के गेट पर चस्पा कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाली किसी भी इकाई को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
