देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री और तीन बार विधायक रहे हीरा सिंह बिष्ट का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। देर रात हृदयाघात (हार्ट अटैक) आने के बाद उन्हें देहरादून स्थित ईसी रोड के सिटी हार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
हीरा सिंह बिष्ट उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की राजनीति के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने एन.डी. तिवारी सरकार में परिवहन, श्रम और तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे लंबे समय तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे तथा उत्तराखंड इंटक (INTUC) के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। मजदूर हितों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता के कारण उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त था। हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने उनके निधन को प्रदेश की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
