हरिद्वार, 22 जुलाई। कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर बुधवार को चंडीदेवी मंदिर से चिड़ियापुर तक चले सघन अभियान में 216 ढाबों की जांच की गई। जांच के दौरान 8 ढाबे बिना फूड लाइसेंस के संचालित होते मिले, जिन पर तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो दिन के भीतर लाइसेंस बनवाकर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के साथ किया। विभाग ने सभी ढाबा संचालकों को फूड लाइसेंस, फूड सेफ्टी डिस्प्ले और कांवड़ मेले से जुड़े दिशा-निर्देश प्रमुख स्थान पर लगाने के निर्देश दिए।.खराब गुणवत्ता वाले भोजन की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 3 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इसके अलावा ढाबा संचालकों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, एक्सपायरी खाद्य सामग्री न बेचने, डस्टबिन रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने और साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि कांवड़ मेले के दौरान निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
