हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक परिवार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने दुकान में घुसकर पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। पीड़ित दुर्गा घाट निवासी मनोज गिरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने बेटे के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान अजय गिरी, गंगा गिरी, सन्नी मेहता, सन्नी डोगरा व योगेश त्यागी अपने 25-30 साथियों के साथ वहां पहुंचे और बिना किसी बात के मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जब उनकी पत्नी बीच-बचाव करने आई तो उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। हमले में परिवार के तीनों सदस्यों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी मेडिकल रिपोर्ट भी तैयार कराई गई है।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावर खुलेआम जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
