हरिद्वार, 7 जुलाई। भगवानपुर विकासखंड मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत सेवा पखवाड़ा शिविर और तहसील दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 1435 क्षेत्रवासियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर में 40 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 16 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
शिविर में भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली, पेयजल, शिक्षा, सिंचाई और जल निकासी से जुड़े मामलों पर सुनवाई हुई। मेनपाल सैनी, प्रमोद कुमार, ग्राम सरठेड़ी शाहजहाँपुर व अलीपुर खतौला के कृषकों, रामपाल, जिला पंचायत सदस्य अंजू देवी, संजय कुमार, रोहित कुमार तथा ग्राम प्रधान मोहम्मद मुस्तफा सहित कई लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि सरकार का उद्देश्य एक ही छत के नीचे जनता की समस्याओं का समाधान और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
राज्य मंत्री एवं सेवा पखवाड़ा प्रभारी सुनील सैनी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने 18 जुलाई को आयोजित होने वाले अगले शिविर में अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी की अपील की। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, पेयजल, आयुष, शिक्षा, श्रम और उद्योग विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता एवं पंचायती राज मंत्री प्रतिनिधि सुशील त्यागी, लोकसभा संयोजक देवी सिंह राणा, उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी केके पंत, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुभाष शर्मा, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जोशी, तहसीलदार दयाराम सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
