हरिद्वार, 28 जून। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध हीरो मोटोकॉर्प कर्मचारी संघ, सिडकुल, हरिद्वार की आमसभा ऋषिकुल ऑडिटोरियम, हरिद्वार में उत्साह, अनुशासन एवं संगठनात्मक गरिमा के साथ संपन्न हुई। आमसभा में बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता कर संगठन के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की तथा राष्ट्रहित, उद्योगहित एवं मजदूरहित के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेश बंसल, राज्यसभा सांसद ने कहा कि श्रमिक राष्ट्र की प्रगति और औद्योगिक विकास की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ द्वारा श्रमिकों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठित, जागरूक एवं कर्तव्यनिष्ठ श्रमिक ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मुख्य वक्ता अनुपम, क्षेत्र संगठन मंत्री, भारतीय मजदूर संघ ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय मजदूर संघ का मूल मंत्र राष्ट्र हित, उद्योग हित, मजदूर हित है। संगठन संघर्ष नहीं, बल्कि संघर्ष एवं समन्वय की कार्यपद्धति में विश्वास रखता है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ उद्योगों की उन्नति, गुणवत्ता, उत्पादकता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय विकास के लिए कार्य करना भारतीय मजदूर संघ की पहचान है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं संगठनात्मक एकता को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुमित सिंघल, अध्यक्ष, हीरो मोटोकॉर्प कर्मचारी संघ एवं प्रदेश महामंत्री, भारतीय मजदूर संघ ने सभी उपस्थित कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ सदैव सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं संवैधानिक मूल्यों के आधार पर श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए कार्य करता आया है और भविष्य में भी श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। उन्होंने कर्मचारियों से संगठन की एकता को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय मजदूर संघ के प्रेरणादायी बीएमएस गीत से हुआ, जिसका प्रभावशाली गायन अनिल कुमार, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, और प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कांत जी भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड द्वारा किया गया। गीत ने उपस्थित श्रमिकों में राष्ट्रभक्ति, संगठन के प्रति समर्पण तथा “राष्ट्र हित, उद्योग हित, मजदूर हित” की भावना का संचार किया।
कार्यक्रम में पूर्व महामंत्री अनिल राठी, जिला मंत्री ललित, BHEL BMS यूनियन अध्यक्ष मनमीत, पवन शर्मा (महामंत्री), हीरो मोटोकार्प शोभन कुमार (उपाध्यक्ष), सागर अशवाल (उपाध्यक्ष), अजीत राणा (मंत्री), चिरंजी लाल (प्रचार मंत्री), योगेश यादव (संगठन मंत्री), जितेन्द्र भंडारी (कोषाध्यक्ष), मनमोहन सिंह, मनीष कंडवाल, भरत सिंह एवं संदीप शर्मा (कार्यकारिणी सदस्य) सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
