हरिद्वार। हरिद्वार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शांतिकुंज के पास यात्रियों से भरी एक बस और डम्पर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 38 अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल और आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस ने डम्पर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं और मामले की जांच जारी है।
