हरिद्वार। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को हरकी पौड़ी पहुंचे और यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखा जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा अपने चरम पर है, ऐसे में सभी विभाग संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ जमा न होने दी जाए, यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए तथा जाम की स्थिति से बचने के लिए लगातार निगरानी की जाए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों को भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम और एसएसपी की संयुक्त निगरानी से चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर प्रशासन का फोकस है, ताकि हरिद्वार आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
