हरिद्वार। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित देर रात अचानक अपर रोड और ब्रह्मपुरी क्षेत्र में चल रहे सीवरेज एवं सड़क मरम्मत कार्यों का जायजा लेने पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था और ठेकेदारों को 15 जून तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम मयूर दीक्षित ने साफ कहा कि चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और जुलाई के अंत में कांवड़ मेला शुरू होने वाला है। ऐसे में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सड़क किनारे पड़े मलबे और निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
ब्रह्मपुरी की सड़कें भी जल्द होंगी दुरुस्त
निरीक्षण के दौरान ब्रह्मपुरी में सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत को लेकर भी डीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार और संबंधित ठेकेदार रजत शर्मा को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द सड़क मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, सहायक परियोजना अभियंता संदीप कुमार, अपर अभियंता सुनील कुमार, मनमोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कांवड़ और चारधाम यात्रा से पहले प्रशासन का एक्शन मोड
जिलाधिकारी के देर रात निरीक्षण से साफ है कि प्रशासन कांवड़ मेले और चारधाम यात्रा को लेकर कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और ठेकेदार 15 जून की समयसीमा के भीतर काम पूरा कर पाते हैं या नहीं।
