हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनता की समस्याओं का अंबार लग गया। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित सुनवाई में राजस्व, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, सड़क, राशन कार्ड और प्रदूषण समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी 72 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 38 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। जनसुनवाई में कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। पथरी रेलवे स्टेशन सैनिक कॉलोनी के लोगों ने स्लीपर कंपनी से उड़ रही धूल और रात-दिन दौड़ते डंपरों से हो रहे ध्वनि प्रदूषण की शिकायत उठाई। वहीं रोहालकी किशनपुर के ग्रामीणों ने ग्राम सभा की जमीन पर पड़े कूड़े के ढेर हटाने की मांग की। अत्मलपुर बौंगला और रोहालकी क्षेत्र में जलभराव से करीब 1000 बीघा जमीन बेकार होने का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठा। हाईवे ग्रीन निवासी रितेश सिंह ने रामानंद कॉलेज से इक्कड़ पटरी मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर डीएम से गुहार लगाई और दुर्घटनाओं का खतरा बताया। डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई शिकायत दोबारा जनसुनवाई में पहुंची तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जाए।बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। समीक्षा में सामने आया कि एल-1 पर 557 और एल-2 पर 134 शिकायतें लंबित हैं। डीएम ने अधिकारियों को 36 दिन से ज्यादा लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए और शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बात करने को भी कहा। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी डॉ लालित नारायण मिश्र,अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान,मुख्य चिकित्साधिकारी आर के सिंह, उप जिलाधिकारी/सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार,जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी,जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा०शि०) अमित कुमार चन्द,अधिशासी अभियंता लोनिवि डी पी सिंह,जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह,जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल,जिला आपदा अधिकारी मीरा रावत,जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरूंग,अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल रवि कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पॉल सहित जिला स्तरीय सम्बन्धित अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।
