हरिद्वार। शिवडेल स्कूल भेल में सोमवार को अलंकरण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सेवा-भावना का विकास करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन स्वामी शरद पुरी, प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को शपथ दिलाकर बैज प्रदान किए गए तथा उन्हें औपचारिक रूप से जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
विद्यालय के हेड बॉय उज्जवल चौहान और हेड गर्ल नेहा कुमारी सहित चारों हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन एवं अन्य पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित मार्च पास्ट ने सभी का मन मोह लिया।
प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव ने नव-नियुक्त छात्र नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, विनम्रता और उदाहरण प्रस्तुत करने की भावना है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
चेयरमैन स्वामी शरद पुरी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। नव-नियुक्त छात्र परिषद ने विद्यालय के नियमों का पालन करने, सहपाठियों का मार्गदर्शन करने और विद्यालय की प्रगति में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक सशक्त किया।
