हरिद्वार। कैबिनेट परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रदेश के सभी परिवहन कार्यालयों में आमजन के कार्य पूरी सुचिता और पारदर्शिता के साथ किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी द्वारा गलत आचरण किए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को प्रदीप बत्रा वेद मंदिर आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान चारधाम यात्रा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। स्वामी यतीश्वरानंद ने यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया। परिवहन मंत्री ने आश्वासन दिया कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर सभी संभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं और नियमों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वाहन संचालकों को यातायात नियमों का पालन करना होगा और सभी वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस अड्डों पर आवश्यक व्यवस्थाएं मजबूत की जाएंगी। प्रदीप बत्रा ने कहा कि जिन परिवहन कार्यालयों में आमजन का कार्यभार अधिक है, वहां अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती कर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिपं उपाध्यक्ष अमित चौहान, धर्मेंद्र प्रधान, बालम सिंह नेगी, बलवंत सिंह पंवार, विवेक चौहान, प्रणव यादव, ऋषिपाल कश्यप, प्रणव जैनर, कृष्णपाल प्रधान, राहुल चौहान, अंकित चौहान, सचिन चौहान, शुभम चौधरी, राजू पाल, प्रयास चौधरी, देवेंद्र चौहान, अंकित चौधरी, राजपाल, नीतिश चौधरी, सत्यकुमार, कृष्णपाल प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
