हरिद्वार, 2 मई। चीन के सान्या में आयोजित छठे बीच एशियन गेम्स में कबड्डी में रजत पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले होनहार खिलाड़ी यथार्थ देशवाल का हरिद्वार में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कैम्प कार्यालय में उन्हें सम्मानित कर उनकी इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि यथार्थ देशवाल की यह सफलता न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि खेलों में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास जरूरी है, जिसका उत्कृष्ट उदाहरण यथार्थ ने पेश किया है। उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि यथार्थ देशवाल भारतीय कबड्डी टीम के छह सदस्यीय दल में शामिल होकर राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि इससे पहले भी राज्य के खिलाड़ी भूमिका और राहुल बोरा ने बहरीन यूथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम ऊंचा किया था। महेश जोशी ने कहा कि पिछले छह महीनों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने कबड्डी में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर प्रदेश को खेल जगत में नई पहचान दिलाई है। इस अवसर पर कई प्रमुख खेल पदाधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे। इनमें नरेन्द्र सिंह रौथाण, चेतन जोशी, प्रदीप चौधरी, ओ.पी. चौहान, विवेक पडलिया, विमल डबराल, नवीन चौहान, पंकज राठी, सतीश उप्रेती, सुमित कुमार, समीर और विजेन्द्र राठी सहित खेल एकेडमी के खिलाड़ी व प्रशिक्षकगण शामिल रहे।
