हरिद्वार, 24 अप्रैल। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं, ताकि बच्चों को हीटवेव के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। यह नई समय-सारणी 27 अप्रैल से 26 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी।
नई व्यवस्था के अनुसार, प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक की कक्षाएं 7:30 बजे से 12:30 बजे तक चलेंगी। प्रशासन ने सभी विद्यालयों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
विद्यालयों में नियमित अंतराल पर ‘वॉटर बेल’ बजाने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन रखने और ओआरएस सहित आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही, तेज धूप के दौरान खेल-कूद और बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि छुट्टी के बाद बच्चों को समूह में घर भेजा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके। सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों को इन दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
