सड़कों से लेकर चौराहों तक बदलेगी हरिद्वार की सूरत, बिजली के पोल भी बनेंगे व्यवस्थित, गुणवत्ता, सुरक्षा और समयसीमा पर मेलाधिकारी ने दिखाई सख्ती
हरिद्वार, 13 अक्टूबर। कुंभ मेला-2027 में देश-दुनिया से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए धर्मनगरी हरिद्वार को सजाने-संवारने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेला प्रशासन अब केवल निर्माण कार्यों की फाइलों तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर उतरकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। इसी कड़ी में मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप से शंकराचार्य चौक तक विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति परखी और संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, सड़क सुधार, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण के कार्य प्राथमिकता से पूरे करने के निर्देश दिए।
प्रवेश द्वार से फ्लाईओवर तक सफाई पर जोर
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप के प्रवेश द्वार, आईरिस पुल के आसपास और फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्रों का जायजा लिया। इन स्थानों पर जमा मलबा हटाने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सौंदर्यीकरण के कार्य कराने के निर्देश पीआईयू के अधिकारियों को दिए। साथ ही, सुरक्षा की जरूरत वाले स्थानों पर दीवार का निर्माण कराने को कहा, ताकि ये क्षेत्र स्वच्छ होने के साथ सुरक्षित और व्यवस्थित भी नजर आएं।
मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता के साथ सुरक्षा और सुगम आवागमन भी बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे करें।
शंकराचार्य चौक को मिलेगा आकर्षक स्वरूप
कुंभ के दौरान शंकराचार्य चौक हरिद्वार के प्रमुख आवागमन क्षेत्रों में शामिल रहेगा। ऐसे में यहां की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक पर सौंदर्यीकरण और फसाड संबंधी कार्यों की समीक्षा की तथा क्षेत्र को आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने डाम कोठी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य की प्रगति भी देखी।
सड़क किनारे लगे बिजली और अन्य पोलों को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोल यातायात और आमजन की आवाजाही में बाधा न बनें, इसके लिए उन्हें सड़क क्षेत्र से बाहर उपयुक्त स्थानों पर स्थापित करने की कार्रवाई की जाए। इस काम को लेकर हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) और नगर निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय पर पूरे हों काम
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ हरिद्वार के समग्र स्वरूप को निखारना भी प्राथमिकता है। प्रमुख मार्गों, चौराहों और प्रवेश क्षेत्रों को इस तरह विकसित किया जाए कि यातायात सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिले।
उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता बनाए रखने और तय समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर दिया। अब इन निर्देशों के बाद संबंधित विभागों के सामने चुनौती यही है कि योजनाएं समय रहते धरातल पर उतरें और कुंभ से पहले हरिद्वार की प्रमुख सड़कों व चौराहों का स्वरूप बेहतर दिखाई दे।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद : नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी, पीआईयू के अभियंता सरीन कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
