देहरादून। शराब कारोबारी दिनेश मल्होत्रा की ओर से प्रदेश के शराब कारोबारी अरुण तोमर पर कथित वसूली के आरोप लगाए जाने के बाद मामला गरमा गया है। खास बात यह है कि मल्होत्रा के बयान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नाम भी जोड़े जाने से विवाद और बढ़ गया है। कुछ शराब कारोबारियों ने इसे मुख्यमंत्री की छवि प्रभावित करने वाला बयान बताते हुए दिनेश मल्होत्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। नैनीताल के शराब कारोबारी मारुतिनंदन शाह ने कहा कि प्रदेश में नई आबकारी नीति लागू होने के बाद शराब कारोबार में चली आ रही कई पुरानी व्यवस्थाओं और कथित सिंडिकेट पर असर पड़ा है। उनका दावा है कि नई व्यवस्था से स्थानीय शराब कारोबारियों को भी कारोबार में अवसर और लाभ मिला है। शाह के मुताबिक, आबकारी नीति में किए गए बदलावों के बाद कारोबार का स्वरूप बदला है और इसका असर पुराने कारोबारी समीकरणों पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच भावनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए। इधर, मल्होत्रा के बयान में मुख्यमंत्री का नाम आने को लेकर शराब कारोबारियों ने आपत्ति जताई है और पूरे मामले में जांच के साथ कार्रवाई की मांग उठाई है।
