हरिद्वार। बरसात के मौसम में हरिद्वार के आबादी वाले इलाकों में सांप और अन्य जलीय जीवों के निकलने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को सुभाष नगर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के बाहर स्पेक्टेकल्ड कोबरा दिखाई दिया। कोबरा को देखकर लोगों में दहशत फैल गई और तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची। घर के बाहर मौजूद कोबरा को सुरक्षित पकड़ने के लिए वनकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद टीम ने सांप को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि बारिश के दौरान सांप सहित कई वन्यजीव सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी क्षेत्रों का रुख कर लेते हैं। वन विभाग की क्यूआरटी टीम को ऐसे मामलों की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर भेजा जा रहा है और जीवों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा रहा है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
