हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत कई प्रमुख स्थानों का जिक्र; पुलिस-खुफिया एजेंसियां अलर्ट
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में उस समय हड़कंप मच गया जब नगर निगम को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में हरिद्वार नगर निगम के साथ-साथ ऋषिकेश, केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर बम धमाके की धमकी दी गई है। धमकी मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, खुफिया एजेंसियां और सुरक्षा तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए।

नगर निगम कार्यालय और मेयर कार्यालय में तत्काल सघन तलाशी अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की। हालांकि प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां मामले को बेहद गंभीरता से लेकर जांच में जुटी हैं।
सूत्रों के अनुसार धमकी भरे ईमेल में धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण कई स्थलों का उल्लेख किया गया है, जिसके चलते चारधाम यात्रा मार्ग और प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस साइबर सेल ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। धमकी के बाद पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि धमकी भरे पत्र की मेल कहां से आई है उसके लिए साइबर पुलिस काम कर रही है। धमकी भरे पत्र में केवल नगर निगम ही नहीं पूरे प्रदेश के कई स्थानों के नाम लिखे हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस की टीम में विभिन्न स्तरों पर जांच कर रही है कि आखिर यह धमकी भरा पत्र आया कहां से है
