हरिद्वार, 01 जून। जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 1 जुलाई की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा की जा चुकी है। उन्होंने पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी की जानकारी देते हुए बताया कि गणना प्रपत्रों की छपाई एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण 29 मई से 7 जून तक कराया जाएगा, जबकि 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन करेंगे। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा तथा 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद 15 सितम्बर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जितेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद की 11 विधानसभा क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्य के लिए 11 ईआरओ, 64 एईआरओ तथा 1715 बीएलओ तैनात किए गए हैं। साथ ही 1 जुलाई तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए के माध्यम से सक्रिय सहयोग देने तथा जिन मतदेय स्थलों पर बीएलए नियुक्त नहीं हैं वहां शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक में भाजपा प्रतिनिधि नकली सिंह सैनी एवं सोनू धीमान, कांग्रेस प्रतिनिधि बालेश्वर सिंह, चंद्रपाल सिंह और सुरेंद्र ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष मदनपाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धनपाल सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया।
