हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस और सीआईयू टीम ने तमंचे के बल पर हुई लूट का सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल, पर्स, नगदी, तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया है। उक्त खुलासे की जानकारी पत्रकारों को देते हुए SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि घटना 23 मई की रात की है, जब सीतापुर निवासी सौरभ सती अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास चार स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर स्कूटी, मोबाइल, पर्स तथा 5 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पॉश इलाके में हुई इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और स्थानीय सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस को शक था कि आरोपी स्थानीय हैं और गली-मोहल्लों के रास्तों की अच्छी जानकारी रखते हैं। आखिरकार रेगुलेटर पुल के पास चार संदिग्ध युवकों को दबोच लिया गया।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी लूटी गई स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे और दोबारा वारदात की फिराक में थे। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। गिरफ्तार युवकों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पत्रकार वार्ता में SP सिटी अभय प्रताप सिंह, CO, कोतवाली प्रभारी भी मौजूद थे।
