हरिद्वार, 2 अप्रैल। महिला से झपट्टा मारकर सोने के कुंडल छीनने वाले शातिर आरोपी को सिडकुल पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है। SSP नवनीत सिंह के सख्त निर्देशों के चलते पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को माल समेत गिरफ्तार कर लिया। उक्त खुलासे की जानकारी पत्रकारों को देते हुए SP सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि बीते 27 मार्च को रोशनाबाद निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात बाइक सवार ने झपट्टा मारकर उसके कान के सोने के कुंडल छीन लिए। इस मामले में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच जारी रखी। 1 अप्रैल को चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे संदिग्ध को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नसीम मलिक (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गोविन्दपुर दादूपुर, थाना रानीपुर का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी दो शादियां हुई हैं और खराब आर्थिक स्थिति के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के पास से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल सोने के कुंडल बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस पूरे मामले का खुलासा किया, जिसमें कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
