हरिद्वार, 31 मार्च। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर जनपद हरिद्वार में 1 अप्रैल से वृहद स्वच्छता अभियान की शुरुआत होने जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस अभियान को व्यापक और प्रभावी बनाने के लिए 37 विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के मद्देनजर हरिद्वार, जो श्रद्धालुओं का प्रमुख प्रवेश द्वार है, वहां स्वच्छता और व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल औपचारिकता न होकर जनसहभागिता से जनआंदोलन का रूप ले, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। अभियान के तहत नगर निगम, नगर पालिकाएं, रेलवे स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख सड़कें, धार्मिक स्थल, आश्रम, पर्यटन स्थल, अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्र, औद्योगिक क्षेत्र और शैक्षणिक संस्थानों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। खासतौर पर हाईवे और सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई पर जोर दिया जाएगा, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके। जिलाधिकारी ने निजी विद्यालयों को भी इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए हैं, जिससे विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और यह संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आर के सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दयानी, सहायक परियोजना निर्देशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडे, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डीके चंद सहित सभी तहसीलों एवं विकास खंडों के नोडल अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।
