हरिद्वार, 26 मार्च। रेलवे यात्रियों को निशाना बनाने वाले शातिर गिरोह पर जीआरपी लक्सर ने करारा प्रहार करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया माल भी बरामद कर लिया है। बीते 9 मार्च को सहारनपुर निवासी महिला बबीता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सहारनपुर मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन में लंढोरा स्टेशन के पास दो अज्ञात बदमाशों ने उनके कानों से कुंडल छीन लिए और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।पुलिस अधीक्षक रेलवे अरुणा भारती के निर्देशन और थानाध्यक्ष रचना देवरानी के नेतृत्व में गठित टीम ने मैनुअल पुलिसिंग के जरिए 25 मार्च को तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेन में चढ़ने-उतरने के लिए धीमी गति वाले बाहरी स्थान चुनते थे और पकड़े जाने से बचने के लिए मोबाइल फोन घर पर छोड़ देते थे। CCTV से बचने के लिए स्टेशन के बाहर से मूवमेंट करते थे और चोरी का माल राह चलते लोगों को बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने हरिद्वार-लक्सर बाईपास पर भी एक घटना कबूल की है। तीनों पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं और इनके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है। पुलिस ने सहारनपुर निवासी सलमान उर्फ टीनू, लोकेश कश्यप और विकास कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। इस सफलता में थाना अध्यक्ष रचना देवरानी सहित एसआई प्रीति सैनी, अतुल चौहान और पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।
