हरिद्वार, 12 मार्च। हरिद्वार में रसोई गैस (एलपीजी) की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने विराम लगा दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने स्पष्ट किया है कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही भ्रामक सूचनाओं के बाद गैस एजेंसियों से विस्तृत जानकारी ली गई। जांच में पाया गया कि जनपद में एलपीजी का भंडारण पर्याप्त मात्रा में है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय की गाइडलाइन के तहत उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी 25 दिनों के बाद ही नियमानुसार उपलब्ध कराई जाती है। इसलिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में अनावश्यक बुकिंग न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही गैस रिफिल बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 तथा 7718955555 पर एलपीजी बुकिंग और शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा शिकायत अधिकारियों के नंबर भी जारी किए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि गैस आपूर्ति से संबंधित जानकारी के लिए केवल जिला सूचना कार्यालय, अधिकृत बुलेटिन या गैस कंपनियों के आधिकारिक पोर्टल पर ही भरोसा करें। आपूर्ति विभाग हरिद्वार द्वारा गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि हर उपभोक्ता को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके।
