राष्ट्रीय व्यापार मंडल के शपथ ग्रहण समारोह में संतों और व्यापारियों ने किया कुंभ-2027 को भव्य-दिव्य बनाने का आह्वान, नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष मनोज गौतम ने ली जिम्मेदारी
हरिद्वार। रानीपुर मोड़ स्थित एक होटल में राष्ट्रीय व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण समारोह एवं कुंभ मंथन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारी आयोग के गठन, ऑनलाइन शॉपिंग पर रोक लगाने और आगामी कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर जोरदार चर्चा हुई। संतों, व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों ने एक स्वर में व्यापारी हितों की रक्षा तथा कुंभ को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सचिव महानिर्वाणी अखाड़ा श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि जब समाज के अन्य वर्गों के लिए अलग-अलग आयोग गठित किए गए हैं तो व्यापारियों के लिए भी व्यापारी आयोग बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुंभ में करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में कुंभ से जुड़े सभी कार्य स्थायी और दूरगामी सोच के साथ होने चाहिए। संत समाज को भी हरिद्वार से सनातन संस्कृति का बड़ा संदेश देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भव्य और दिव्य कुंभ की तैयारियों के लिए बधाई और आशीर्वाद दिया।
मुख्य अतिथि करौली शंकर महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य कर रहे हैं। आगामी कुंभ को भव्य और दिव्य बनाने में व्यापारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। राष्ट्रीय व्यापार मंडल की कुंभ मंथन पहल सराहनीय है, जिसके माध्यम से कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई और सरकार द्वारा किए जा रहे कुंभ कार्यों की जानकारी भी आमजन तक पहुंची। उन्होंने व्यापारी आयोग की मांग को पूरी तरह जायज बताया।
भारत साधु समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबा हठयोगी महंत ऋषिश्वरानंद ने मुख्यमंत्री को कुंभ कार्यों के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि आगामी कुंभ ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड अपने वास्तविक स्वरूप की ओर अग्रसर है। राष्ट्रीय व्यापार मंडल व्यापारियों के साथ-साथ समाज की समस्याओं को भी निरंतर उठाता रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि व्यापारी आयोग का गठन अब समय की आवश्यकता है। ऑनलाइन शॉपिंग पर प्रभावी रोक अथवा नियंत्रण के बिना मध्यम वर्ग के व्यापारियों का भला संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिन-रात कुंभ की तैयारियों में जुटे हैं और स्वयं प्रत्येक कार्य की समीक्षा कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि यह कुंभ भव्यता और दिव्यता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष मनोज गौतम ने सभी अतिथियों और व्यापारियों का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी और कोर कमेटी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। सभी वर्गों के व्यापारियों को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाया जाएगा।
इस अवसर पर योगी आशुतोष, प्रदेश महामंत्री सुधीश श्रोत्रिय, जिला महामंत्री भारत तलूजा, उपाध्यक्ष अशोक गिरी, ज्वालापुर शहर अध्यक्ष हरविंदर सिंह, कनखल शहर अध्यक्ष पंकज सन्नी, युवा जिला अध्यक्ष गौरव पाल, पुल जटवाड़ा अध्यक्ष अनिल तेश्वर, स्नेहलता चौहान, पिंकी त्यागी, सुमन, भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष जसबीर बसेड़ा, पुष्पेंद्र गुप्ता, नरेंद्र चौहान, आशीष अग्रवाल, विनोद मिश्रा, मिलन सैनी, प्रमोद यादव और प्रवीण सक्सेना सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।
