16 से 30 नवंबर तक चलेगी स्वगणना की प्रक्रिया, डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
हरिद्वार। जनगणना-2027 को आसान और तेज बनाने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इस बार नागरिकों को जनगणना के लिए घर-घर आने वाले प्रगणकों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि वे खुद घर बैठे अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। खास बात यह है कि नागरिकों को केवल 40 सवालों के जवाब देने होंगे और उनकी स्वगणना से प्रगणकों का समय भी बचेगा।
जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट सभागार में चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसमें प्रत्येक अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।
जिले में इस बार स्वगणना को लेकर प्रशासन ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। पहले चरण में करीब 9 हजार नागरिकों ने स्वयं अपनी जानकारी दर्ज की थी, जबकि दूसरे चरण में 30 हजार से अधिक लोगों को स्वगणना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। स्वगणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 सवालों के जवाब बाद में प्रगणक भी घर-घर जाकर पूछेंगे। हालांकि, जो परिवार पहले ही स्वगणना कर चुके होंगे, वहां प्रगणक दर्ज जानकारी का सत्यापन और पुष्टि करेंगे।
लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिला प्रशासन व्यापक प्रचार अभियान चलाएगा। कलेक्ट्रेट, सरकारी कार्यालयों, पुलिस थानों, तहसीलों, अस्पतालों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर होर्डिंग व बैनर लगाए जाएंगे। स्कूल-कॉलेजों में प्रभात फेरियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया जाएगा। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप चैनलों और डिजिटल माध्यमों से भी प्रचार किया जाएगा।
इतना ही नहीं, नगर निगम के कूड़ा संग्रहण वाहनों और अन्य नागरिक उपयोगिता वाहनों से लाउडस्पीकर के जरिए स्वगणना का संदेश प्रसारित होगा। सिनेमा हॉल में फिल्म शुरू होने से पहले जागरूकता स्लाइड भी दिखाई जाएंगी।
डीएम मयूर दीक्षित ने नागरिकों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर के बीच स्वगणना में जरूर भाग लें और अपने परिवार, मित्रों व पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एडीएम वैभव गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
