हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन को लेकर मेला प्रशासन और रेलवे की बड़ी कवायद, मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ, जिलाधिकारी और डीआरएम ने किया संयुक्त निरीक्षण
हरिद्वार। कुंभ-2027 में करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित आमद को देखते हुए मेला प्रशासन ने रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। कुंभ के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का भारी दबाव रहने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्टेशन पर धक्का-मुक्की और अव्यवस्थाओं से बचाने के लिए प्रवेश से लेकर निकास तक विशेष रणनीति तैयार की जा रही है। इतना ही नहीं, व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए मॉक ड्रिल भी कराई जाएगी।
इसी सिलसिले में शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान यात्री सुविधाओं, ट्रेन संचालन, सुरक्षा, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय और होल्डिंग एरिया का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। स्टेशन पर प्रवेश, निकास और ठहराव की व्यवस्था इस तरह बनाई जाए कि यात्रियों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे और किसी एक स्थान पर भीड़ का दबाव न बढ़े।
अलग-अलग होंगे आने-जाने के रास्ते
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरक्षित और अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों के प्रवेश मार्ग अलग-अलग रखने पर विचार किया गया। इसके साथ ही अलग-अलग दिशाओं में जाने वाले यात्रियों के लिए पृथक प्रस्थान व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया। स्टेशन परिसर में पर्याप्त पार्किंग, आपातकालीन सुरक्षा इंतजाम और यात्रियों की सुरक्षित निकासी के लिए अधिक से अधिक निकास मार्ग उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
मॉक ड्रिल में खुलेगी तैयारियों की पोल
अधिकारियों ने कहा कि केवल कागजों पर योजना बनाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि मॉक ड्रिल के जरिए व्यवस्थाओं की व्यावहारिकता भी परखी जाएगी। इससे आपातकालीन परिस्थितियों, अचानक बढ़ने वाली भीड़ और यात्रियों की सुरक्षित निकासी से जुड़ी चुनौतियों का आकलन किया जा सकेगा।
ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और यात्रियों की संख्या के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि एक ही समय में स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ एकत्र न हो।
निरीक्षण में सामने आए सुझावों के आधार पर रेलवे अपनी कार्ययोजना को शीघ्र अंतिम रूप देगा। इसके बाद मेला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं को कुंभ से पहले धरातल पर उतारा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उत्तर रेलवे के ओएसडी (कुंभ) राजीव रंजन ‘राजू’, सीनियर डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर महेश यादव, सीनियर डिवीजनल इंजीनियर तेजवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरि, एएसपी कुंभ राजेश भट्ट, एएसपी संचार विपिन कुमार, सीओ जीआरपी अनुज कुमार सहित मेला प्रशासन, पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी मौजूद रहे।
