भोला गिरी रोड और विष्णु घाट पर व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों व यात्रियों को किया जागरूक, बांटे पंपलेट
हर व्यक्ति बने पर्यावरण प्रहरी, रक्तदान और जल संरक्षण को बनाए सामाजिक जिम्मेदारी : रविश भटीजा
हरिद्वार। धर्मनगरी में सामाजिक सरोकारों को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से समाजसेवी रविश भटीजा ने ‘मिशन सेव लाइफ’ के तहत जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का संदेश दिया। भोला गिरी रोड और विष्णु घाट क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान में उन्होंने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और दूसरे शहरों से आए यात्रियों को पंपलेट वितरित कर समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। अभियान के दौरान रविश भटीजा ने कहा कि आज पर्यावरण का असंतुलन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और बढ़ते प्रदूषण के कारण ग्लोबल वार्मिंग का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसका असर केवल मौसम पर ही नहीं, बल्कि मानव स्वास्थ्य, सामाजिक जीवन और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देना है तो आज से ही अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे और उनकी देखभाल भी करनी होगी। केवल पौधारोपण की औपचारिकता नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को एक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसे वृक्ष बनाने का संकल्प लेना चाहिए। रविश भटीजा ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि लगातार गिरता भूजल स्तर आने वाले समय में बड़े संकट का संकेत है। पानी को व्यर्थ बहने से रोकना और जल स्रोतों को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शुद्ध पर्यावरण और पर्याप्त जल ही स्वस्थ जीवन का आधार हैं। उन्होंने रक्तदान को भी मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में शामिल बताते हुए कहा कि एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। रविश भटीजा ने स्पष्ट किया कि ‘मिशन सेव लाइफ’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन बचाने और प्रकृति को सुरक्षित रखने की सामूहिक मुहिम है। इसका उद्देश्य लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक कर एक स्वस्थ, स्वच्छ और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है। अभियान में कपिल पाराशर, कमल नगरानी, सुमित सक्सेना, विशाल गोयल, गौरव वालिया सहित अन्य लोग शामिल रहे।
