कहीं पार्क तो कहीं नए घाट और चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश, अतिक्रमण, बेतरतीब बिजली के पोल और अधूरे निर्माण कार्यों पर सख्त हुईं मेलाधिकारी, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत
हरिद्वार, 19 नवंबर। कुंभ-2027 में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए धर्मनगरी हरिद्वार की तस्वीर संवारने की कवायद तेज हो गई है। कहीं सड़कें चमकाई जा रही हैं तो कहीं फुटपाथों को नया रूप दिया जा रहा है। घाटों के सौंदर्यीकरण से लेकर चौराहों के कायाकल्प तक, मेला क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ गई है। साफ है कि इस बार कुंभ में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रशासन कोई कसर छोड़ने के मूड में नहीं है।
इसी तैयारियों को धरातल पर परखने के लिए गुरुवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कई क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया कि काम केवल पूरा करना ही लक्ष्य नहीं, बल्कि गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का पालन जरूरी है।
बिजली के पोल बन रहे रास्ते की बाधा, तत्काल शिफ्ट करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने सड़कों और फुटपाथों पर आवागमन में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को तत्काल हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए। आइरिस पुल के निकट एडमिन रोड, बैरागी कैंप, एनएच सर्विस लेन और शंकराचार्य चौक मार्ग के जंक्शन को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए।
कहीं पार्क बनेगा तो कहीं मिलेगी स्नान और चेंजिंग की सुविधा
आइरिस पुल और महिला मिलन मंदिर के बीच उपलब्ध भूमि को व्यवस्थित कर पार्क विकसित करने की योजना पर भी जोर दिया गया। यहां स्नान के लिए घाट को सुव्यवस्थित करने के साथ प्रवेश द्वार के पास पुराने कमरों को प्रसाधन और चेंजिंग रूम के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए। यानी कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को केवल दर्शन और स्नान ही नहीं, बल्कि जरूरी सुविधाएं भी बेहतर मिल सकेंगी।
शंकराचार्य चौक से कनखल तक बदलेगा सड़कों का स्वरूप
आइरिस पुल से शंकराचार्य चौक तक सड़क सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने और पूरे क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। शंकराचार्य चौक पर सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। वहीं कनखल मार्ग पर सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण और बेतरतीब खड़े विद्युत व अन्य पोलों को हटाने को कहा गया। डाम कोठी रोड के चौड़ीकरण और घाटों के अनुरक्षण कार्यों का भी जायजा लिया गया।
पंतद्वीप से लालजीवाला तक पैदल पुल की तैयारी
पंतद्वीप में यूआईआईडीबी के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने शौचालयों और अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही पंतद्वीप से लालजीवाला तक पैदल आवागमन को सुगम बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपर पैदल पुल निर्माण की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाने की अपेक्षा की।
बैरागीवाला और दक्षद्वीप पर भी विकास कार्यों की पड़ताल
मेलाधिकारी ने बैरागीवाला और दक्षद्वीप में सड़क, बिजली, पेयजल, पुलों और घाटों से जुड़े निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति भी देखी। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष कार्य निर्धारित समय में पूरे हों और निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
निरीक्षण में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, यूआईआईडीबी, यूपीडीसीसी और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
