क्राउड मैनेजमेंट से लेकर ट्रैफिक और फायर सेफ्टी तक की तैयारियों का लिया जायजा, पुलिस अधिकारियों और जवानों को दिया टीमवर्क का मंत्र
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल कुंभ मेला-2027 का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही उन्होंने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीजी ए.पी. अंशुमान ने सर्वप्रथम सलामी ग्रहण की। इसके बाद रिबन काटकर एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर पुलिस लाइन का शुभारंभ किया। उन्होंने पूरी पुलिस लाइन का भ्रमण करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के ठहरने, रहने तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टेंटेज में तैयार की गई बैरकों, अस्थायी जीडी कार्यालय, कैश कार्यालय सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालयों में रखे अभिलेखों को भी बारीकी से जांचा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने पुलिस जवानों की ब्रीफिंग के दौरान एडीजी को कुंभ मेला ड्यूटी में तैनात एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल सहित अधिकारियों और जवानों की ओर से किए जा रहे प्रयासों और मेहनत की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यालय स्तर से मिल रहे सहयोग के लिए भी आभार जताया।
ब्रीफिंग में एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक नियंत्रण, सुरक्षा चुनौतियों और फायर सर्विस प्लान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ जिम्मेदारी निभाने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला विश्वस्तरीय और विशाल आयोजन है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में प्रत्येक पुलिसकर्मी को केवल अपने ड्यूटी पॉइंट तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे कुंभ क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों और आध्यात्मिक महत्व की भी पूरी जानकारी होनी चाहिए।
एडीजी ने स्पष्ट संदेश दिया कि कुंभ की सुरक्षा केवल ड्यूटी निभाने से नहीं, बल्कि आपसी समन्वय, सतर्कता और टीमवर्क से सुनिश्चित होगी। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना है। इस अवसर पर एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह एसपी क्राइम निशा यादव सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
