78वीं जिला गंगा समिति की बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध सख्त, डेयरी संचालकों से लेकर घाटों पर अतिक्रमण करने वालों तक पर होगी कार्रवाई
हरिद्वार, 28 नवंबर। धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है। डेयरी संचालकों द्वारा नालों में गोबर डालने, गंगा में गंदा पानी बहाने और घाटों पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे जाएंगे और गंगा किनारे गंदगी व प्लास्टिक फैलाने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। गंगा संरक्षण को लेकर डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने और घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों को कड़े निर्देश दिए गए। बैठक में नगर निगम को निर्देश दिए गए कि शहर के सभी डेयरी संचालकों को नालों में गोबर डालने से रोकने के लिए जागरूक किया जाए। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाए। वहीं, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी व प्लास्टिक फैलाने वालों पर भी सख्ती बरतने को कहा गया। जल संस्थान को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी सूरत में नालों अथवा अन्य स्रोतों का गंदा पानी गंगा में न गिरने पाए। इसके लिए नियमित निगरानी करने और प्रदूषण की स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। गंगा किनारे स्थित घाटों पर अतिक्रमण का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गठित टीमों के माध्यम से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज किया जाए, ताकि घाटों को स्वच्छ और अतिक्रमणमुक्त बनाया जा सके। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता से कार्य करना होगा।
बैठक में मीनाक्षी मित्तल, राजेश चौहान, राजेंद्र सिंह, सत्यदेव आर्य, एमएन जोशी, कुलदीप सिंह, प्रशांत पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला गंगा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
