हरिद्वार की सभी 11 विधानसभा सीटों पर शुरू हुआ जागरूकता अभियान, मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन से समझाई जाएगी मतदान की प्रक्रिया
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुरक्षित रखी गईं ईवीएम-वीवीपैट मशीनें, चुनाव से पहले मतदाताओं को किया जाएगा जागरूक
हरिद्वार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव-2027 की आहट के साथ ही निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और मतदान प्रक्रिया को लेकर किसी भी तरह की भ्रांति दूर करने के लिए हरिद्वार जिले में अब ईवीएम और वीवीपैट की पाठशाला सज गई है। खास बात यह है कि मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया केवल समझाई ही नहीं जाएगी, बल्कि उन्हें खुद ईवीएम पर वोट डालने का व्यावहारिक अनुभव भी कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जनपद में 16 नवंबर 2026 से ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके तहत जिले की सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से गांव-गांव, मोहल्ले और वार्डों तक पहुंचकर लोगों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए कुल 181 मशीनें चिन्हित की गई हैं। इनमें से 23 बैलेट यूनिट, 23 कंट्रोल यूनिट और 23 वीवीपैट मशीनों को अलग स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। इन मशीनों को राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित नियमों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार रखा गया है। मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई है।
डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर खुद डाल सकेंगे मॉक वोट
मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। यहां पहुंचकर कोई भी नागरिक ईवीएम से वोट डालने और वीवीपैट में अपनी पर्ची देखने की प्रक्रिया को समझ सकेगा। इसके अलावा मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन विभिन्न मतदान केंद्रों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगी।
चुनाव की घोषणा तक चलेगा अभियान
निर्वाचन विभाग के अनुसार विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने तक यह अभियान व्यावहारिक रूप से जारी रहेगा। इसके बाद ईवीएम और वीवीपैट से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी। अभियान की नियमित निगरानी भी होगी और ईडीसी व मोबाइल वैन के माध्यम से जागरूक किए गए लोगों तथा मॉकपोल में भाग लेने वाले नागरिकों की रिपोर्ट साप्ताहिक या पाक्षिक आधार पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने मतदाताओं और संभ्रांत नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान प्रक्रिया की जानकारी होना और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। अब निर्वाचन विभाग की कोशिश है कि चुनाव से पहले हर मतदाता ईवीएम की कार्यप्रणाली समझे और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
