हरिद्वार। व्यस्ततम दुधाधारी चौक पर देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से निकलकर एक विशालकाय जंगली हाथी अचानक सड़क पर आ धमका। चौक पर आमतौर पर यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है, ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन गनीमत रही कि हाथी बिना किसी को नुकसान पहुंचाए वापस लौट गया।
हाथी को देखते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुत्ते भौंकने लगे, वहीं कई लोग डरने के बजाय मोबाइल लेकर हाथी के पीछे दौड़ पड़े और वीडियो बनाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी कुछ देर तक इधर-उधर भटकता नजर आया, मानो रास्ता खोज रहा हो। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया। इस दौरान पूरा इलाका दहशत में रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुधाधारी चौक के एक तरफ राजाजी टाइगर रिजर्व और दूसरी ओर गंगा से सटा वन क्षेत्र होने के कारण जंगली जानवरों का आना आम हो गया है। बावजूद इसके, वन विभाग इन घटनाओं पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और चिंतित भी।
