21 अक्टूबर से 7 नवंबर तक शहर से गांव और गंगा घाटों तक चलेगी स्वच्छता मुहिम, डीएम मयूर दीक्षित ने तैनात किए 35 नोडल अधिकारी
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिले में 21 अक्टूबर से 7 नवंबर तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान को सफल बनाने के लिए 35 क्षेत्रों, संस्थाओं और विभागों में नोडल अधिकारी नामित कर जिम्मेदारी तय कर दी है। खास बात यह है कि अधिकारियों को सफाई के दावों के साथ रोजाना जीपीएस लोकेशन और काम से पहले व बाद की तस्वीरें भी साझा करनी होंगी।
अभियान के तहत शहरों, गांवों, गंगा घाटों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, सड़कों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और औद्योगिक क्षेत्रों तक सफाई की जाएगी। नगर निगम हरिद्वार और रुड़की के साथ नगर पालिकाएं, नगर पंचायतें, जिला पंचायत, वन विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, सिडकुल और बीएचईएल सहित विभिन्न संस्थाओं को अभियान से जोड़ा गया है।
सफाई की जिम्मेदारी केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं रहेगी। जनप्रतिनिधियों, संत समाज, व्यापारिक संगठनों, औद्योगिक इकाइयों, सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। नहरों, तालाबों, पार्किंग स्थलों, रोपवे, गौशालाओं, मंडियों और पर्यटन स्थलों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
फोटो से होगी सफाई की निगरानी
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित सफाई कराएं और प्रतिदिन जीपीएस लोकेशन के साथ सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें स्वच्छता कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजें। इसके लिए मोबाइल नंबर 8273371714 निर्धारित किया गया है।
विजयदशमी पर हरकी पैड़ी से हुई शुरुआत
उधर, विजयदशमी के अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम ने हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया। स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी इसमें सहयोग किया। कुंभ से पहले शुरू हुई यह मुहिम हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
