हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को धर्मनगरी हरिद्वार में मां मनसा देवी मंदिर का वातावरण वैदिक मंत्रों से गूंज उठा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी के नेतृत्व में संत समाज ने प्रधानमंत्री की स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना को लेकर विशेष अनुष्ठान किया। मंदिर परिसर में संतों और पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। अनुष्ठान के दौरान मां मनसा देवी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की गई। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को लड्डू प्रसाद वितरित कर प्रधानमंत्री के जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वह हिंदू हृदय सम्राट हैं और सनातन संस्कृति तथा भारतीय परंपराओं के प्रथम प्रहरी के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और देश की आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा विश्व स्तर पर मजबूत हुई है और देश की प्राचीन संस्कृति एवं परंपराओं की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित हुआ है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद, संत समाज और समस्त सनातनी समाज की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं और साधुवाद दिया जाता है। अनुष्ठान के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद रही। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए इस आयोजन के बाद श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने श्रद्धालुओं को लड्डू प्रसाद वितरित किया। इस मौके पर ट्रस्टी श्रीमहंत राजगिरि, अनिल शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
