हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी हरिद्वार विधानसभा की ओर से सात स्थानों पर आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में महिलाओं का भारी हुजूम उमड़ा। कार्यक्रमों में हजारों महिलाओं की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य बना दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने महिलाओं को भाजपा की ताकत बताते हुए कहा कि आज इन सातों कार्यक्रमों में आई हजारों बहनों ने मुझे और भारतीय जनता पार्टी को जो अमूल्य आशीर्वाद दिया है, उसका मैं आजीवन ऋणी रहूंगा। मदन कौशिक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण पर बोलने से पहले कांग्रेस को अपने राजनीतिक इतिहास और कार्यकाल का आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को कभी केवल चुनावी मुद्दा नहीं माना, बल्कि सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि महिला सुरक्षित भी हो, सम्मानित भी हो और आत्मनिर्भर भी बने। मातृशक्ति की भागीदारी जितनी अधिक होगी, देश उतनी ही तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। महापौर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और आने वाले समय में शहर उत्तर भारत के आधुनिक शहरों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में भी अनेक विकास कार्य जारी हैं, जिसके लिए वह भाजपा सरकार का धन्यवाद करती हैं। भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग चुनाव से कुछ माह पहले जनता के बीच पहुंचकर उन्हें बरगलाने का प्रयास करते हैं, जबकि हरिद्वार की जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में महिलाएं कांग्रेस के आरोपों का जवाब देंगी।
कार्यक्रम में तुशांक भट्ट, प्रशांत शर्मा, राजेंद्र कटारिया, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, राजकुमार अरोड़ा, नीलाभ मिश्रा, रेनू शर्मा, हीरा सिंह बिष्ट, सुनील अग्रवाल गुड्डू, पिंकी चौधरी, गौरव वर्मा, हर्षित त्रिपाठी, देवेश ममगई, सुनील सैनी, सचिन बेनीवाल, निशा नौडियाल, आशी शर्मा, राहुल शर्मा, अमित गौतम, मनोज वर्मा, पारुल चौहान, श्यामल प्रधान, सुभाष चंद्र, राजेश शर्मा, ललित रावत, दीपक शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
