देहरादून। उत्तराखंड पुलिस महकमे में शासन ने बड़ा फेरबदल करते हुए कई अपर पुलिस अधीक्षकों (ASP) के तबादले कर दिए हैं। लंबे समय से अलग-अलग जिलों और शाखाओं में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादलों के बाद देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर, हल्द्वानी, टिहरी और उधमसिंहनगर समेत कई स्थानों पर पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं।

शासन के आदेश के अनुसार देहरादून में तैनात ASP प्रमोद कुमार को रुद्रपुर भेजा गया है। वहीं सतर्कता सेक्टर से स्थानांतरित होकर स्वतंत्र कुमार सिंह को ASP देहात-2, देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। मनोज कत्याल का हल्द्वानी से तबादला कर उन्हें 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में तैनाती दी गई है। उधमसिंहनगर से स्थानांतरित उत्तम सिंह नेगी को ASP सतर्कता सेक्टर देहरादून बनाया गया है। इसी तरह अल्मोड़ा से स्थानांतरित हरबन्स सिंह को ASP हल्द्वानी की जिम्मेदारी मिली है। शेखर चंद्र सुयाल का हरिद्वार देहात से देहरादून नगर तबादला किया गया है। वहीं एटीसी हरिद्वार से स्थानांतरित अनूपा बडोला को ASP अपराध एवं यातायात उधमसिंहनगर बनाया गया है। नैनीताल से स्थानांतरित अमित कुमार अब ASP टिहरी की जिम्मेदारी संभालेंगे। पुलिस मुख्यालय में भी बदलाव हुआ है। राजेश कुमार मट्ट को ASP पुलिस मुख्यालय बनाया गया है, जबकि मिथिलेश कुमार सिंह को ASP सतर्कता की जिम्मेदारी दी गई है। सबसे खास बदलाव हरिद्वार में देखने को मिला है। अभय सिंह को ASP हरिद्वार ग्रामीण, जबकि दीपक सिंह को ASP हरिद्वार नगर की कमान सौंपी गई है। माना जा रहा है कि नई तैनातियों के साथ अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर नई चुनौतियां भी होंगी।
