हरिद्वार, 3 सितम्बर। हरिद्वार में बिना स्वीकृति के धड़ल्ले से की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को प्राधिकरण की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर अनाधिकृत कॉलोनियों में किए जा रहे विकास कार्यों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से अवैध कॉलोनी काटने वालों में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण के अनुसार ईदगाह के पीछे गाढ़ोवाली रोड पर अलीशेर द्वारा करीब 11 बीघा भूमि में कथित रूप से बिना स्वीकृति प्लॉटिंग कर कॉलोनी विकसित करने का काम किया जा रहा था। यहां किए जा रहे निर्माण कार्य को प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए ध्वस्त किया।
इसी क्षेत्र में अंकुर गर्ग की कॉलोनी के पीछे आम के बाग के पास जावेद, संजय आदि एवं संबंधित व्यक्तियों द्वारा लगभग 6-7 बीघा भूमि में प्लॉटिंग कर आरसीसी सड़क निर्माण और कॉलोनी विकसित करने का कार्य किए जाने की जानकारी सामने आई। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर यहां भी अनाधिकृत विकास कार्यों पर जेसीबी चलवाई।
वहीं गायत्री माता मंदिर के बगल में, राजकीय प्राथमिक विद्यालय के सामने जमालपुर में राज राणा एवं संबंधित व्यक्तियों द्वारा करीब 4-5 बीघा भूमि में कच्चा रास्ता बनाकर कॉलोनी काटने का कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण ने इस स्थल पर भी कार्रवाई करते हुए अनाधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण ने बताया कि उक्त सभी मामलों में अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद योजित किए जा चुके थे। इसके बावजूद मौके पर निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया। इसके बाद प्राधिकरण टीम ने जेसीबी की सहायता से अनाधिकृत प्लॉटिंग और विकास कार्यों को ध्वस्त किया तथा संबंधित लोगों को बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण न करने की चेतावनी दी।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में खलबली मची हुई है।
