हरिद्वार, 2 सितम्बर। शहर के प्रमुख उद्योगपति ज्ञानेश कुमार अग्रवाल की माता श्रीमती बृजेश रानी का आकस्मिक निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं, लेकिन परिजनों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनका निधन इतनी अचानक हो जाएगा। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
श्रीमती बृजेश रानी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। वह स्वर्गीय श्री हजारीलाल अग्रवाल की धर्मपत्नी थीं। उनके दो सुपुत्र भूमेश कुमार अग्रवाल और ज्ञानेश कुमार अग्रवाल हैं। परिवार में उनके निधन से गहरा शोक व्याप्त है।
श्रीमती बृजेश रानी के निधन की सूचना मिलने पर शहर की अनेक गणमान्य हस्तियां विष्णु गार्डन स्थित उनके आवास पर पहुंचीं और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोगों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
परिजनों के अनुसार श्रीमती बृजेश रानी की अंतिम यात्रा गुरुवार को प्रातः 11 बजे विष्णु गार्डन स्थित उनके आवास से कनखल स्थित श्मशान घाट के लिए रवाना होगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से सामाजिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में भी शोक की भावना है।
