हरिद्वार, 30 अगस्त। त्योहारों के सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को हरिद्वार जनपद में विशेष अभियान चलाकर रिटेल स्टोर, किराना दुकानों, डेयरियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ताबड़तोड़ निरीक्षण किया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए।
शिवालिक नगर में निरीक्षण के दौरान देशी घी, मैदा, साबुत काली मिर्च और पोहा के नमूने लिए गए। पोहा निर्माता कंपनी पर लेबल में निर्माता का नाम-पता नहीं होने, स्कैन कोड में गलत जानकारी और हेल्थ क्लेम को लेकर नोटिस जारी किया गया। वहीं मैदा पर एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं होने पर निर्माता कंपनी को नोटिस दिया गया।
ज्वालापुर, आर्यनगर और रानीपुर मोड़ में जेप्टो के वेयरहाउस का भी निरीक्षण किया गया। यहां फूड लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। कई खाद्य पदार्थों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि भी अपठनीय मिली, जिसके चलते कंपनी को नोटिस जारी किया गया। टीम ने यहां खाद्य तेल, सूजी, जूस समेत चार नमूने लिए। रुड़की, भगवानपुर, झबरेड़ा और नारसन में भी कार्रवाई जारी रही। विभाग ने साफ किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
