हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय जगजीतपुर में बूथ सशक्तिकरण अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रत्येक बूथ के सत्यापन, पन्ना प्रमुखों की सक्रियता और डिजिटल संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र बूथ सशक्तिकरण है। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए अभी से प्रत्येक बूथ को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की लखपति दीदी, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, समान नागरिक संहिता और सख्त नकल विरोधी कानून जैसी योजनाओं एवं फैसलों को कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएंगे।
प्रदेश आईटी संयोजक प्रांजल कन्नौजिया ने बताया कि बूथ सशक्तिकरण की प्रक्रिया सरल ऐप के माध्यम से होगी। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का 100 प्रतिशत सत्यापन अनिवार्य किया गया है। जिला सहप्रभारी दीपक धमीजा ने कहा कि उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, हर घर जल और किसान सम्मान निधि जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभार्थियों तक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
जिला संयोजक लव शर्मा ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर बैठक कर कार्यकर्ताओं का सत्यापन करते हुए अभियान को सफल बनाया जाएगा। पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल ने कहा कि सरल ऐप के माध्यम से कार्यकर्ताओं के दायित्व और संपर्क विवरण का सत्यापन संगठनात्मक रूप से महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजीव चौधरी और हीरा सिंह बिष्ट ने किया। बैठक में मंडल अध्यक्षों एवं महामंत्रियों ने 2027 तक प्रत्येक बूथ को डिजिटल और संगठनात्मक रूप से मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व महापौर मनोज गर्ग, संजय सहगल, जितेंद्र चौधरी, उमेश चंद जोशी, आशु चौधरी, संदीप अग्रवाल, लोकेश पाल, रितु ठाकुर, धर्मेंद्र सिंह चौहान, जसवीर बसेड़ा, प्रीति गुप्ता, संजीव कुमार, प्रताप प्रधान, कैलाश भंडारी, रेनू शर्मा, शिवम त्यागी, पृथ्वी सिंह राणा, अश्वनी कंबोज, कन्हैया केवड़िया, राकेश सैनी, विक्रम चौहान, बलवंत पंवार, प्रमोद चौहान, रविन्द्र चौधरी, लक्ष्मण सिंह नागर, पवन कपूर और चित्र कुमार सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
