हरिद्वार, 12 अगस्त। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा में शामिल होने जा रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को रोके जाने और पुलिस द्वारा कथित भेदभाव किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिवालिक नगर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा के नेतृत्व में शिवालिक नगर चौक पर प्रदर्शन किया और पुलिस कार्रवाई की निंदा की। ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से पार्टी अध्यक्ष की जनसभा में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बिना कारण रोककर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। यह लोकतंत्र की हत्या है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार डर गई है। इसलिए वह विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा में जा रहे कार्यकर्ताओं को रोकना सीधे-सीधे अलोकतांत्रिक कृत्य है। जो कि निंदनीय है। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए। पूर्व राज्य मंत्री डा.संजय पालीवाल ने कहा कि यह सरकार की तानाशाही है। कांग्रेस के कार्यक्रमों को रोककर सरकार अपनी नाकामी छिपाना चाहती है। लेकिन कांग्रेस झुकेगी नहीं। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रदीप चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे दलित समाज से आते हैं। उन्हें रोककर सरकार ने संविधान और बाबा साहब का अपमान किया है। कांग्रेस इसका जवाब सड़क से सदन तक देगी। प्रदेश सचिव रवीश भटीजा ने कहा कि जनता बदलाव चाहती है। सरकार डर के कारण कांग्रेस के कार्यक्रमों को बाधित कर रही है। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं। रविश भटिजा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजवीर सिंह चौहान ने कहा कि यह कांग्रेस का अपमान नहीं, बल्कि लोकतंत्र का अपमान है। सरकार को अपनी गलतियों से सीख लेनी चाहिए। वरिष्ठ नेता राजीव चौधरी ने कहा कि पुलिस को राजनीतिक दबाव में आकर काम नहीं करना चाहिए। निष्पक्षता लोकतंत्र की रीढ़ है। प्रदर्शन में यशवंत सैनी, अनिल चौधरी, अजमोद चौहान, लता जोशी, सौरव सैनी, कार्तिक शर्मा, राजीव चौधरी, तेलूराम प्रधान, मनोज धनगर, राहुल शर्मा, सुनील चौहान, मनोज जाटव, विकास चंद्रा, पूर्व एमएलसी रामयश सिंह, मारकंडेय सिंह, दाताराम, ओपी चौहान, मुकुल, सतीश कुमार दुबे, तीर्थपाल रवि, रघुवीर सिंह, श्याम सिंह, आर्यन पवार, सुखपाल सिंह, अरुण कुमार, राव फरमान आदि मौजूद रहे।
