हरिद्वार। हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली में कार्यकर्ताओं को रोकने के कथित प्रयास के विरोध में जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने बुधवार को चंद्राचार्य चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन कर इसे लोकतंत्र एवं संविधान के खिलाफ बताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और विपक्षी दलों के कार्यक्रमों में सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग का विरोध किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में कांग्रेस द्वारा आयोजित रैली में भाजपा सरकार के इशारे पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का असफल प्रयास किया गया। उन्होंने इसे पूरी तरह अलोकतांत्रिक बताया।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय पालीवाल ने कहा कि देशभर में कांग्रेस के कार्यक्रमों और रैलियों को रोकने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल करना लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष चौहान और युवा नेता वरुण बालियान ने कहा कि भाजपा सरकार डरी हुई है, इसलिए विपक्ष की रैलियों को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं पूर्व विधायक रामयश सिंह और प्रदेश कांग्रेस सचिव प्रदीप चौधरी ने पेपर लीक, राम मंदिर चंदे से जुड़े आरोपों और छात्रों के आक्रोश का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा।
ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी और यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया ने छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और पैलेट गन के प्रयोग का विरोध किया। पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान और पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि ‘न भय, न भ्रष्टाचार’ के नारे के साथ सत्ता में आई सरकार में आज भय और भ्रष्टाचार चरम पर है।
प्रदर्शन में महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी, महानगर कांग्रेस महासचिव तरूण व्यास, उज्जवल वालिया, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा, हिमांशु राजपूत, मार्कण्डेय सिंह, पार्षद विवेक भूषण विक्की, सुनील कुमार सिंह, नौमान अंसारी, महावीर वशिष्ठ, पार्षद प्रतिनिधि शहाबुद्दीन अंसारी, पूर्व पार्षद मेहरबान खान, महानगर कांग्रेस महासचिव शादाब खान, गौरव गोस्वामी, मोहित अरियाल, नन्दन कुमार, शुभम जागरिया, नितिन यादव, सतीश दाबड़े, अज्जू खान, मंजू गोस्वामी, सुमन अग्रवाल, आशीष प्रधान, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष यश शर्मा और दिनेश पुण्डीर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
