हरिद्वार। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजीव नगर में एक घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
आबकारी आयुक्त के निर्देशों तथा जिलाधिकारी हरिद्वार के आदेशों के अनुपालन में जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद बिंजोला के मार्गदर्शन में आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान (क्षेत्र-1, हरिद्वार) के नेतृत्व में टीम ने राजीव नगर स्थित शंकर डेयरी वाले के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 138 टेट्रा पैक माल्टा ब्रांड देशी मदिरा, रॉयल स्टैग के 90 पव्वे, 8 पीएम ब्रांड के 22 पव्वे, ब्लेंडर्स प्राइड के 33 पव्वे, इमेजिन वोडका के 4 पव्वे तथा 42 कैन बीयंग बीयर बरामद हुई।
आबकारी टीम ने मौके से कुल 149 पव्वे अंग्रेजी शराब, 138 टेट्रा पैक देशी शराब और 42 बीयर कैन जब्त कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग दर्ज किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
