हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार की जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों को लेकर महानगर व्यापार मंडल ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र भेजकर तथा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए खराब सड़कों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। सुनील सेठी ने कहा कि मुख्यमंत्री के गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के बावजूद हरिद्वार में जगह-जगह सड़कें धंस रही हैं, सीवर चैंबर खुले पड़े हैं और बड़े-बड़े गड्ढे श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये का बजट स्वीकृत होने के बाद भी पीडब्ल्यूडी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहा है, जिससे सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि उत्तरी हरिद्वार, सप्तसरोवर रोड, अपर रोड, ललतारौ पुल, कनखल, जगजीतपुर सहित कई क्षेत्रों की सड़कें बदहाल हैं। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से कई महिलाएं और आवारा पशु इनमें गिरकर घायल हो चुके हैं। ऐसे हालात में सड़क पर चलना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा बन गया है। सुनील सेठी ने मांग की कि कांवड़ यात्रा जैसे संवेदनशील समय में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस दौरान राकेश कुमार, लाल जी, अमित अरोड़ा, सोनू चौधरी, राहुल सिंह, एस.एन. तिवारी, पावन पांडे, जनार्दन सिंह, अमित सिंह, आशीष अग्रवाल, सचिन अग्रवाल और देवेंद्र शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
