हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा स्थित मैंगो फार्म हाउस में आयोजित खाट पर आम महोत्सव चुनावी रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों और आमजन के साथ खाट पर बैठकर दशहरी आम का स्वाद लिया और मंच से पिछले विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले चुनाव में हुई चूक को इस बार दोबारा नहीं दोहराया जाएगा। स्वामी यतीश्वरानंद की हार का क्षेत्र पर कितना दुष्प्रभाव पड़ा, इसका आकलन करना मुश्किल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार ग्रामीण को राजकीय मेडिकल कॉलेज, लालढांग में मॉडल डिग्री कॉलेज, बहादुरपुर जट में राजकीय डिग्री कॉलेज, स्टेडियम समेत अनेक विकास कार्य मिले हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि भाजपा जिसे भी प्रत्याशी बनाए, उसे विधानसभा भेजकर विकास की गति बनाए रखें। सीएम धामी ने कहा कि वे किसान और सैनिक परिवार से आते हैं और किसानों की मेहनत को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC), लव जिहाद पर सख्ती, मदरसा बोर्ड समाप्त करने जैसे फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में सभी को समान सम्मान मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि खनन क्षेत्र में बेहतर कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 200 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा और उत्तराखंड देश का श्रेष्ठ राज्य होगा। हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर, बेहतर सड़कें और आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी तथा दिल्ली की दूरी भी काफी कम हो जाएगी। कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है और मिशन-2027 के लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं। कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना, पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने भी संबोधित किया। संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रजातियों के आमों के स्टॉल का अवलोकन किया, आम, कटहल और जामुन के बीजों का बीजारोपण किया, फार्म हाउस में आम का पौधा लगाया तथा उत्कृष्ट आम उत्पादक किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, नितिन गौतम, मेयर किरण जैसल, चेयरमैन राजीव शर्मा, अनुसूचित आयोग के सदस्य मनोज गौतम, विदुषी निशंक, नाथीराम, पूर्व सांसद हरपाल साथी, देवेंद्र प्रधान, श्यामवीर सैनी, मधु सिंह, अमित चौहान, संजय सरदार, सरदार करण सिंह, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, बालम सिंह नेगी, बलवंत सिंह पवार, रविंद्र सैनी, पंकज चौहान, अमित सैनी प्रधान, शमशेर बाणी, मुस्तफा प्रधान, लाल हुसैन, अली शेर, शमशेर कसाना, जहूर खटाना, शमशेर लोढ़ा, मोहम्मद सफी लोढ़ा, चेतन यादव, राजेश वर्मा प्रधान, हरेंद्र प्रधान, मनीष प्रधान, धर्मेंद्र प्रधान, आदर्श, प्रखर कश्यप, नरेंद्र कश्यप, दीपक सैनी प्रधान और राजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, किसान और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
