हरिद्वार, 19 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 20 जुलाई को जनपद हरिद्वार के कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आदेश जारी कर 20 जुलाई (सोमवार) को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और संभावित आपदा की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

