हरिद्वार, 18 जुलाई। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वालापुर क्षेत्र की बाबर कॉलोनी में दो निर्माणाधीन भवनों को पुलिस बल की मौजूदगी में सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण के अनुसार, बाबर कॉलोनी, पावधोई स्थित ईदगाह रोड के निकट शौकत अली द्वारा लगभग 15×15 फीट क्षेत्रफल में भूतल पर निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, इसी क्षेत्र में मुसर्रत पत्नी फारूख अली द्वारा लगभग 40×50 फीट क्षेत्रफल में भूतल का निर्माण किया जा रहा था।
दोनों निर्माणों को बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के किए जाने पर संबंधित अधिनियम की धाराओं के तहत वाद दर्ज किए गए थे। प्राधिकरण ने कई बार निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए, लेकिन निर्देशों की अनदेखी कर निर्माण जारी रखा गया।
इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया। साथ ही निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में प्राधिकरण से स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए।
प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह ने कहा कि ने शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
