हरिद्वार। तंत्र-मंत्र और चमत्कार के नाम पर लोगों की आस्था से खिलवाड़ करने वाले एक शातिर गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में श्यामपुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित पुत्र श्रवण सिंह उर्फ नमो शान्त शर्मा निवासी मंडावर, बिजनौर (हाल निवासी चंद्रमणि, देहरादून), मोन्टी जोशी पुत्र मुनेश कुमार जोशी निवासी सब्जी मंडी के पास, पटेलनगर, देहरादून तथा 31 वर्षीय युवती निवासी थैलीसैंण, पौड़ी गढ़वाल (हाल निवासी तुनुवाला, भद्रकाली, देहरादून) के रूप में हुई है। मामला तब सामने आया जब हरियाणा के सोनीपत निवासी विनोद कुमार AGHORA नाम के यूट्यूब चैनल के संपर्क में आए। आरोपियों ने तंत्र-मंत्र के जरिए समस्या दूर करने और विशेष पूजा कराने का झांसा देकर उन्हें चंडी माता मंदिर के पास बुलाया। पूजा का खर्च ₹4.60 लाख बताकर नकदी अपने कब्जे में ली, पीड़ित को लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा और पूजा सामग्री लाने का बहाना बनाकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना इंचार्ज नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने नाकाबंदी और तकनीकी जांच शुरू की। चिड़ियापुर माइनिंग चेक पोस्ट के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹4.55 लाख नकद, एक आईफोन 17 प्रो मैक्स, घटना में प्रयुक्त सफेद एंडेवर कार तथा तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किया गया मिट्टी का मटका बरामद किया।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे AGHORA नाम से यूट्यूब चैनल चलाकर तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत और चमत्कार के नाम पर लोगों का विश्वास जीतते थे और फिर पूजा-पाठ के बहाने लाखों रुपये की ठगी करते थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अन्य राज्यों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तांत्रिक, बाबा या सोशल मीडिया चैनल के झांसे में आकर धन न दें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को दें।
