उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में देर रात बड़ा हादसा हो गया। बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक अचानक टूटकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से एक कार्मिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौके पर जाकर स्थिति का विस्तृत जायजा लिया जाए, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जाए तथा कार्यदायी संस्था द्वारा अपनाए गए सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और सभी आवश्यक विधिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जाएं। साथ ही टनल के भीतर कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद टनल निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।
